जनपद के चार मूल्यांकन केंद्रों में परीक्षकों की कमी के कारण हजारों कापियाें की जांच को लेकर न सिर्फ संशय है बल्कि भौतिक विज्ञान इंटर की करीब 40 हजार उत्तरपुस्किाओं का वापस होना तय है। अब तक करीब 65 फीसदी उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। कुछ विषयों को छोड़ शेष का मूल्यांकन निर्धारित समय में पूरा करने की कोशिश चल रही है। अगर समय नहीं बढ़ा तो हजारों उत्तर पुस्तिकाएं वापस हो जाएंगी।
जिले के चार मूल्यांकन केंद्रों पर करीब 10 लाख उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आई हुई हैं। जिनमें से करीब साढ़े छह लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। राजकीय इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर करीब सवा तीन लाख उत्तरपुस्तिकाएं आई हैं। जिसमें से अब तक करीब दो लाख उत्तरपुस्किाओं का मूल्यांकन हो चुका है। शेष उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय के अंदर हो जाएगा। कोठार प्रभारी द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को भौतिक विज्ञान की उतरपुस्तिकाओं को वापस करने के लिए पत्र लिखा जा चुका है। उधर मुरली मनोहर टाउन इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर अभी तक कुल एक लाख 75 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। हाईस्कूल अंग्रेजी को छोड़ शेष का मूल्यांकन निर्धारित समय में कर लिया जाएगा।
राजकीय बालिका इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर दो लाख उत्तर पुस्तिकाओं में से करीब एक लाख 40 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। जबकि गृहविज्ञान की करीब 10 हजार उत्तरपुस्तिकाएं बच सकती हैं। कुंवर सिंह इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर तीन लाख 35 हजार उत्तर पुस्तिकाएं आई थी। जिनमें से करीब दो लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। जबकि रसायन विज्ञान की उत्तरपुस्तिकाओं का बिना मूल्यांकन वापस करना पड़ सकता है। मूल्यांकन की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित है।