रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर काली मंदिर से धनेश्वरनाथ धाम धनौती मार्ग से सटे खेतों में रविवार को अचानक आग लगने से चकचमइनिया, कुकुरभुक्का व धनौती धुरा के कई किसानों की करीब बीस बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जल गई।
गेहूं की फसल में आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी दशरथ उपाध्याय ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। इस बीच ग्रामीण आग पर काबू कर चुके थे। आग लगने की इस घटना में धनौती धुरा के किसान हरिहर, कामता, निसार, अबरार, सुगन वर्मा, रामचन्द्र वर्मा, धरमू, तौफीक, राबिया एवं चकचमइनिया के किसान होशिला, ब्रह्मदेव, हरदेव, छबीला, सरल, बेचन, दीप लाल सहित अन्य किसानों की फसलें जलकर राख हो गईं। मौके पर पहुंचे लेखपाल विजय कुमार व शिवशंकर चौहान ने क्षति का आंकलन किया।