बांसडीहरोड और रेवती थाना क्षेत्र में शार्ट सर्किट से गेहूं की खेत में आग लग गई। इससे खेत में खड़ी फसल और सैकड़ों बोझ अनाज जलकर राख हो गए। बांसडीहरोड के छाता गांव में 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई है। रेवती के रजौली मौजा मेें भी बिजली की चिंगारी से 15 कट्ठा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
बांसडीहरोड संवाददाता के मुताबिक छोड़हर गांव के समीप गेहूं की खेत में शुक्रवार को दोपहर में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण करीब आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। घटना की सूचना फायर स्टेशन बलिया को दी गई मगर समय से अग्निशमन कर्मियों के नहीं पहुंचने से आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
आग गांव के त्रिलोकी मिश्र के खेत से शुरू हुई। इसके बाद सुरेंद्र चौबे, राजेंद्र चौबे, श्याम नारायण मिश्र तथा सत्यप्रकाश मिश्र के खेत भी आग के चपेट में आ गए। आग को बुझाने में ग्रामीण, मजदूर और किसान घंटों जुटे रहे।
रेवती संवाददाता के मुताबिक रेलवे स्टेशन के दक्षिण स्थित रजौली मौजा में विद्युत चिंगारी के चलते अचानक आग लग गई, जिसमें खेत में खड़ी 15 कट्ठे की फसल जलकर राख हो गई।
शुक्रवार की सुबह जब अचानक बिजली आई तो विद्युत शार्ट सर्किट की वजह से चिंगारी निकलने लगी। आग में हरेंद्र सिंह निवासी गायघाट की खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज पछुआं हवा के चलते आग को फैलते देर न लगी, लेकिन संयोग रहा कि आसपास की अन्य बड़े प्लांट वाले खेतों में आग नहीं लगी।
खेत में आग लगने की घटना जहां हुई थी, उसके कुछ ही दूरी पर कनक पांडेय के ईंट भट्ठे से पानी भरा टैंकर तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गया, जिससे आग पर काबू पा लिया गया।