बलिया। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। मंगलवार को सुबह जिले के कई इलाकों में कुछ देर बारिश भी हुई। हालांकि इस बाबत मौसम विभाग की ओर से पहले ही अलर्ट जारी किया गया है। अभी खेतों में रबी की चना, अरहर, गेंहू आदि की फसल लगी है। इसको लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं सड़कों पर कीचड़ फैलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
किसानों का कहना है कि पहले ही मौसम ने फसलों को काफी प्रभावित किया है इसमें खासकर दलहनी फसलें हैं। लेकिन अब मौसम में फिर हो रहा बदलाव खासकर चना, अरहर, गेहूं, जौ आदि फसलों को प्रभावित करेगा। भरौली निवासी किसान उदय राय ने बताया कि पहले ही बारिश काफी नुकसान कर चुका है। अब बारिश होने पर बची दलहनी फसल चना बर्बाद हो जाएगी। अमांव गांव के अंजनी राय ने बताया कि बेमौसम बारिश ने इस वर्ष काफी नुकसान पहुंचाया है। चना की फसल जो बची है वह भी अब बर्बाद हो जाएगी। कई किसानों के मसूर, सरसों आदि के बोझ खलिहानों में हैं जिसके दाने खराब हो सकते हैं।
उधर, मौसम विभाग पटना की ओर से 19 से 22 मार्च तक मौसम बिगड़ने व हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।