चितबड़ागांव। गेहूं क्रय केंद्र चितबड़ागांव पर किसानों की शिकायत पर पहुंचे पूर्वांचल किसान मोर्चा के अध्यक्ष केडी सिंह ने मंडी परिसर स्थित गेहूं क्रय केंद्र का जायजा लिया एवं विपणन अधिकारी कमलेश रावत से बात की। विपणन अधिकारी कमलेश रावत द्वारा बताया गया कि 15 जून के बाद गेहूं नहीं लिया जाएगा। जबकि जिस रवैया से गेहूं की तौल की जा रही है किसी भी हालत में 15 जून तक पूरा नहीं हो पाएगा। क्रय केंद्र पर एक सप्ताह से किसान ट्रैक्टर पर लाद कर लाए गेहूं के साथ रहने को विवश हैं।
किसान मोर्चा पूर्वांचल अध्यक्ष श्री सिंह ने चेतावनी दी कि अगर 15 जून के बाद शासन द्वारा गेहूं तौल की तारीख नहीं बढ़ाई जाती है तो 16 जून को कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। उधर, बेल्थरारोड क्षेत्र के कुछ गेंहू क्रय केंद्रों पर बिचौलियों का कब्जा हो गया है। कड़सर स्थित क्रय केंद्र पर एक गाड़ी पर किसान का गेहूं है तो चार गाड़ियों पर बिचौलियों का गेहूं क्रय के लिए लदा हुआ है। किसानों ने क्रय केंद्र पर तैनात संबंधित कर्मचारी व बिचौलियों की मिली भगत से आर्थिक लाभ के चक्कर में बिना नंबर वाले किसान के रजिस्ट्रेशन पर कमीशन लेकर बिचौलियों का गेहूं क्रय करने का आरोप लगाया है। बुढ़ावर गांव निवासी विनय तिवारी और महेंदुआ गांव निवासी किसान बृजमोहन सिंह का कहना है कि हमारे नंबर के बाद भी तीन दिन से बिचौलिए का गेहूं प्रति कुंतल 100 रुपये लेकर दूसरे किसान के नाम संबंधित कर्मचारी द्वारा तौल कराया गया है। पीड़ित किसानों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी समेत आला अधिकारियों से कर प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की है।