वन कर्मचारियों के धरने को संबोधित करते कर्मचारी नेता।
- फोटो : ballia
फेडरशन ऑफ फारेस्ट एसोसिएशन के जिला इकाई के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में वनकर्मियों का चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। जिसमें विधायक समेत उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज कर विधायक को बर्खास्त करने की मांग की गई। चेताया कि जब तक विधायक पर मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त नहीं किया जाता यह धरना अनवरत चलता रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए श्रमिक समन्वय समिति के अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह ने कहा कि बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह व उनके समर्थकों द्वारा वन दरोगा संतोष कुमार व चालक रघुपति राम को मारना तथा वन दारोगा के पैर पर चढ़कर पैर तोड़ देना अंग्रेजों जैसा बर्ताव करना है। इसकी जितनी भी निंदा की जाय कम है। विकास भवन संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने फारेस्ट एसोसिएशन का समर्थन करते हुए कहा कि वन दारोगा एवं चालक के साथ विधायक व उनके समर्थकों द्वारा कुकृत्य की जितनी भी निंदा की जाय कम है।
फारेस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने कहा कि विधायक व उनके समर्थकाें के विरूद्ध जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण कलेक्ट्रेट पर धरना देना पड़ रहा है। चेताया कि यदि प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी तथा बर्खास्त नहीं किया गया तो जनपद समेत गैर जनपद के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अपना कार्य बंद करके धरना में शामिल होने के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर शैलेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश दुबे, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, हीरा लाल चौरसिया, कौशल किशोर तिवारी, जयप्रकाश श्रीवास्तव, भृगु नाथ राय, केके सिंह, बेचू पांडेय, राजेंद्र प्रताप सिंह, वीबी सिंह, अमरजीत प्रसाद, राजेश कुमार पांडेय, प्रेमसुख श्रीवास्तव, रामपूजन राम सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन छोटे लाल सिंह ने किया।