अमदहां चरनपुर गांव में मंगलवार को पुराने कुएं की खोदाई के दौरान दीवार ढह गई। इसमें कार्य कर रहे चार मजदूर दब गए। चारों मजदूरों को कुएं से बाहर निकाला गया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में आधी रात को उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। तीन अन्य श्रमिकों का निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। बुधवार को मृतक के पिता ने ठेकेदार के खिलाफ नौगढ़ थाने में तहरीर दी है। नौगढ़ तहसील के अमदहां चरनपुर गांव में लघु सिंचाई विभाग हाइड्रा लगाकर बहादुर केशरी के खेत में मंगलवार को पुराने कुएं की खोदाई करा रहा था। शिवकुमार (20), धनेश (48), अशोक (52), चंद्रमा (30) खेतों में पुराने बने कुएं में 30 फीट के अंदर घुसकर काम कर रहे थे। अचानक कुएं के बगल की दीवार ढह गई। चारों मजदूर मलबे में दब गए। पास में काम कर रहे अन्य लोगों का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी प्रकार मिट्टी हटाकर चारों को वहां से बाहर निकाला। चारों मजदूरों को अचेतावस्था में ठेकेेदार ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। शिवकुमार की हालत बिगड़ने पर उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने आधी रात को उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट जिलाजीत सिंह यादव ने बुधवार को तहसील प्रशासन को हादसे की जानकारी दी और मृतक व घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। शिव कुमार की मौत के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ............
कोट
..........
मृतक के परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किसान दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाया जाएगा। घायलों को भी डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर तहसील प्रशासन की ओर से इलाज के लिए सहायता प्रदान की जाएगी।- आलोक कुमार, एसडीएम नौगढ़