एससी काॅलेज में मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्रों को समझाती पुलिस।
- फोटो : ballia
नगर के सतीश चंद्र कॉलेज स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार की सुबह एडमिशन को लेकर छात्रनेताओं ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ असमाजिक तत्वों ने कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर डॉ. मान सिंह का शर्ट फाड़ दिया। इसके बाद छात्र कालॅेज के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल शशिमौलि पांडेय व सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने धरना स्थल पर प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार उपाध्याय को बुलाया, जहां प्राचार्य एवं छात्रनेताआें के बीच वार्ता विफल रही। कुछ देर बाद छात्र धरना स्थल से चले गए। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी काफी संख्या में मौजूद रही। चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों के विरुद्ध तहरीर दिया।
कालेज प्रशासन की मानें तो कालेज में एमए प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक चल रही थी, जहां सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज के मुख्यगेट पर ताला बंद किया गया था। इस दौरान कुछ बहारी अराजकतत्व पहुंचे और फर्जी तरीके से प्रवेश करने के लिए कॉलेज के मुख्यगेट पर दबाव बनाने लगे। जब गेट का ताला नहीं खोला गया तो ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसीबीच अराजकतत्वों ने मुख्यगेट पर लगे ताले को ईट से तोड़ दिया और चीफ प्रॉक्टर डॉ. मान सिंह पर हमला कर उनकी शर्ट फाड़ दी, जिससे वह चुटहिल भी हो गए। उधर, छात्रनेताओं का कहना था कि कालेज प्रशासन मनमानी तरीके से एडमिशन कर रहा है। क्याेंकि छात्रनेता उनके अरमानों पर पानी फेर देते। इसलिए कालेज प्रशासन द्वारा कॉलेज के मुख्यगेट पर ताला बंद कर दिया गया था। छात्रनेताओं का कहना था कि आज तक मुख्यगेट पर कभी ताला बंद नहीं किया गया था।