बांसडीह विधानसभा
भाजपा और सपा ने दिखी सीधी टक्कर
-------विधानसभा बांसडीह----------------
बांसडीह/सहतवार/रेवती/सुखपुरा। विधानसभा के विभिन्न बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। कहीं-कहीं ईवीएम में खराबी के कारण देर से मतदान शुरू हुआ। बूथों पर लंबी लाइनें लगी थी। युवा और महिलाओं की खूब भागीदारी दिखी। नेता प्रतिपक्ष एवं बांसडीह विधानसभा के सपा प्रत्याशी रामगोविन्द चौधरी ने सिकंदरपुर विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय गोसाईपुर में मतदान किया। भाजपा प्रत्याशी केतकी सिंह ने प्राथमिक विद्यालय मैरीटार, कांग्रेस प्रत्याशी पुनीत पाठक ने खानपुर और बसपा प्रत्याशी मानती राजभर ने पिंडहरा में तथा रेवती में वीआईपी के कनक पांडेय ने सपरिवार मतदान किया। कई बूथों पर विवाद के मामले सामने आए जिसे पुलिस ने शांत कराया। नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू सिंह ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया। पूर्व चेयरमैन संजय कुमार सिंह मुन्ना, पूर्व चेयरमैन सुनील सिंह बबलू, पूर्व चेयरमैन दिग्विजय, धीरेंद्र बहादुर सिंह आदि सम्मानित मतदाताओं ने मतदान किया। मनियर थाना क्षेत्र में पुलिस सुबह से ही तत्पर दिखी। चुनाव के दौरान थानाध्यक्ष मनियर मदन पटेल अपनी टीम के साथ लगातार चक्रमण करते रहे। बांसडीह इंटर कालेज मतदान केंद्र पर शाम 4.1मिनट पर एसपी और डीएम पहुंचे। बूथ खाली देख कोतवाल राजीव मिश्रा से जानकारी ले गेट से ही लौट गए। नगर पंचायत रेवती सहित ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं ने जमकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत रेवती के चार मतदान केंद्रों के 16 बूथों पर 18602 मतदाताओं के सापेक्ष 10006 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकतर स्थानों पर भाजपा प्रत्याशी केतकी सिंह और सपा प्रत्याशी रामगोविंद चौधरी में सीधी टक्कर देखने को मिली। अन्य वोट बांटते दिखे।
00
प्रमुख प्रत्याशी
--केतकी सिंह-भाजपा
--रामगोविंद चौधरी-सपा
--मांती-राजभर-बसपा
बैरिया विधानसभा--------------------
चतुष्कोणीय रही लड़ाई
बैरिया/जयप्रकाश नगर। बैरिया विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान का महापर्व सम्पन्न हुआ। किसी मतदान केंद्र पर राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं अथवा मतदाताओं में कहासुनी तक नहीं हुई। पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद थे। डीएम, एसपी, एडीएम, एडिश्नल एसपी के अलावा ऑब्जर्वर ,जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट दिन भर चक्रमण करते रहे। दोकटी थाना क्षेत्र के लछु टोला बूथ पर पुलिस ने कुछ लोगों की पिटाई कर दी। सपाइयों के आयोग से शिकायत करने के साथ ही कहासुनी से कुछ देर के लिए मतदान में बाधा आई। दोकटी में एक मतदान केंद्र पर अर्द्धसैनिक बल के कुछ जवानों द्वारा मतदाताओं के साथ बदसलूकी की गई। सांसद वीरेन्द्र सिंह ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों का जमकर फटकार लगाई। धतुरीटोला के एक बूथ पर मतदाता की पिटाई अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने कर दी। करमानपुर, रानीगंज सहित आधा दर्जन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के कारण कुछ देर के लिए मतदान में बाधा पहुंची। भाजपा प्रत्याशी आनन्द स्वरूप शुक्ल, सपा प्रत्याशी जयप्रकाश अंचल, वीआईपी के सुरेन्द्र सिंह व बसपा के सुभाष यादव पूरे क्षेत्र में चक्रमण करते देखे गए। सीट चतुष्कोणीय लड़ाई में फंसी है। सुरेंद्र सिंह से भाजपा को खासा नुकसान पहुंचा है।
00
प्रमुख प्रत्याशी
--जय प्रकाश अंचल-सपा
--आनंद स्वरूप-भाजपा
--सुरेंद्रनाथ सिंह-वीआईपी
--सुभाष यादव-बसपा
सिकंदरपुर विधानसभा----------------
सपा और भाजपा में कांटे की लड़ाई
सिकंदरपुर/नवानगर। विधानसभा क्षेत्र के कुल 353 बूथों पर बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ पांच बजे तक बजे तक सबसे ज्यादा इसी विधानसभा में 55% मतदान हो चुका था। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए तीन जोनल सहित 25 सेक्टर प्रभारी तैनात किए गए थे। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुबह से ही प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसपी राजकरण नैय्यर ने खुद सिकंदरपुर के जूनियर हाई स्कूल व टाउन प्राथमिक विद्यालय नंबर एक पर पहुंच कर जायजा लिया। सिकंदरपुर कस्बे में भारी मात्रा में केंद्रीय बल सहित पुलिस बल तैनात किया गया था। मतदान शुरू होने के बाद नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने अपने गांव के बूथ पर सबसे पहले मतदान किया। दोपहर होते-होते क्षेत्रीय विधायक संजय यादव अपने परिवार के साथ करमोता कमपोजिट विद्यालय पर अपने मत का प्रयोग कि या। पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी अपने गांव के बूथ पर 5:00 बजे अपना मत दिए। विधानसभा में सपा और भाजपा में कांटे की लड़ाई देखी गई। जीत का अंतर भी कम रहने की संभावना जताई जा रही थी।
0000
प्रमुख प्रत्याशी
--संजय यादव-भाजपा
--जियाउद्दीन रिजवी-सपा
--संजीव वर्मा-बसपा
-----------बेल्थरारोड (सुरक्षित)-------------------
भाजपा से लड़ी सुभासपा, बसपा बना रही त्रिकोणीय
बेल्थरारोड/नगरा। जिले की एक मात्र सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विधानसभा का चुनाव निर्धारित समय से शुरू हुआ। हालांकि कुछ केंद्रों पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के चलते मतदान कुछ देर के बाद शुरू हुआ। चैनपुर गुलौरा स्थित बूथ संख्या 16 पर ईवीएम मशीन खराब होने के चलते एक घंटा विलंब से मतदान शुरू हुआ। बूथ पर मशीन खराब होने की सूचना पर एसडीएम राजेश गुप्ता ने दूसरा मशीन भेज कर मतदान शुरू कराया। केंद्रों पर सुबह मतदाताओं की संख्या कम रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया केंद्र पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। मतदाता सूची में नाम अंकित नहीं होने से बहुत से लोग मतदान से वंचित रह गए। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में लोग सूची में नाम नहीं अंकित होने से नाराज दिखे। गत चुनाव में उन्होंने मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। नगरा क्षेत्र में मुस्लिम वर्ग की महिलाओं ने जमकर मतदान किया। केंद्रों पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रही। अधिकतर क्षेत्र में भाजपा और सुभासपा की त्रिकोणीय लड़ाई देखी गई। बसपा इसे त्रिकोणीय बना रही थी।
0000000000
प्रमुख प्रत्याशी
--छ्टठू राम-भाजपा
--हंसु राम-सुभासपा
--प्रवीण प्रकाश-बसपा
फेफना विधानसभा---------------
भाजपा और सपा में सिमटी लड़ाई
फेफना/रतसर/चितबड़ागांव। फेफना विधानसभा में छठे चरण के विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न ही गया। कर्ची परुआ ग्राम में ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का निर्णय प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी वापस नहीं लिया। नगर पंचायत रतसर कलां सहित क्षेत्र के धनौती सलेम, धनौती धुरा, नूरपुर, घरवारी, चंवरी, बड़ी चवरी, जिगनहरा, बहादुरपुर कारी. अभईपुर, अमडरिया, छतवां, नदौली, पड़वार, बदनपुरा, जनऊपुर, मसहां आदि गांवों में चुनाव शांतिपूर्वक हुआ। डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया। चितबड़ागांव क्षेत्र के धर्मापुर बूथ पर कुछ हल्की फुल्की झड़प हुई।मतदाता सूची में नाम अंकित नहीं होने से बहुत से लोग मतदान से वंचित रह गए। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में लोग सूची में नाम नहीं अंकित होने से नाराज दिखे। हालांकि विगत चुनाव में उन्होंने मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया था, लेकिन इस चुनाव में सूची में नाम नहीं होने से उनके चेहरे पर मायूसी दिखी। नाम छूटने के चलते मतदान से वंचित आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों से इसकी शिकायत करते हुए जांच की मांग की। अंतिम लड़ाई भाजपा और सपा के बीच दिखती रही। यादव और मुस्लिम वोट सपा के पक्ष में लामबंद दिखे तो अन्य भाजपा के साथ।
0000
प्रमुख प्रत्याशी
--उपेंद्र तिवारी-भाजपा
--संग्राम सिंह यादव-सपा
--कमलदेव यादव-बसपा
रसड़ा----------------------
बसपा से टक्कर लेती दिखी सुभासपा
रसड़ा। छठे चरण के मतदान में रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में 218 मतदान केंद्रों के 425 मतदेय स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांति पूर्ण ढंग से मतदान हुआ। अमर शहीद इंटर कालेज में 159 और इस्लामिया स्कूल के बूथ नंबर 169 में ईवीएम मशीन की खराबी के कारण मतदान आधे घंटे के विलंब से शुरू हो सका। जाम, सराय भारती, डेहरी, नागपुर,रसड़ा नगर ,अठिला पूरा आदि गांव के कई बूथों पर चार बजे के बाद मतदाताओं की कतारें लगी रही। रसड़ा विधानसभा के चिलकहर ब्लाक व नगरा ब्लाक के लगभग सभी मतदेय स्थल पर सुबह से ही काफी उत्साह देखा गया। हजौली, डुमरी, नगपुरा, टिकादेवरी,गोपालपुर, संवरा,नराक्ष, चिन्तामणि पूर आदि गांव के बूथों पर 2 बजे तक 30 से 35 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस दौरान चुनाव अधिकारी के द्वारा गठित टीमों के अधिकारियों के अलावा उपनिर्वाचन अधिकारी एसडीएम दीप शिखा सिंह, क्षेत्राधिकारी एसएन वैस, तहसीलदार प्रभात कुमार सिंह,प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह सहित गठित अधिकारी गणों की टीम बूथों तक बराबर चक्रमण करती रही। यहां बसपा से सुभासपा मुख्य रूप से टक्कर लेती दिखी। भाजपा लड़ाई में कुछ पीछे दिखाई दी।
00000
प्रमुख प्रत्याशी
--उमाशंकर सिंह-बसपा
--महेंद्र चौहान-सुभासपा
--बब्बन राजभर-भाजपा
-----------बलिया नगर-----------
भाजपा-सपा में मुख्य मुकाबला
बलिया। विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान के दौरान शहरी और ग्रामीण मतदाताओं के मूड में काफी अंतर दिखा। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बूथों पर सुबह से मतदाता लाइन में दिखें तो शहरी क्षेत्र में मतदान का औसत दिन चढ़ने के साथ ऊपर चढ़ा। शहर के वोटर सुबह के समय धीरे-धीरे घरों से बाहर निकले। ग्रामीण क्षेत्र हल्दी, भरसौंता, नीरुपरु, परसिया, सीताकुंड, अगरौली, बसरिकापुर, ओझाकछुआ, दुबहड़, धरनीपुर, घोड़हरा, जनाड़ी, शिवपुर दियर बेयासी, नगावा, अखार, टेकार, सवंरुबांध, मोहनछपरा, सहरसपाली आदि गांवों में मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही वोटरों लाइन लगनी शुरु हो गई थी, जिस कारण दोपहर तक इन बूथों पर सन्नाटा पसर गया। शहरी क्षेत्र के कदमचौराहा, अमृतपाली, भुगआश्रम, सतीशचंद्र कालेज, जगदीशपुर सुभाषनगर, टीडी कालेज, कुवंर सिंह कालेज आदि स्थानों पर बनें बूथों पर दिन चढ़ने के साथ-साथ वोटरों की संख्या में इजाफा हुआ, जिससे इन बूथों पर मतदान का औसत धीरे-धीरे ऊपर चढ़ा। हल्दी थाना क्षेत्र के 43 मतदान केंद्र के 102 बूथों पर पुलिस की लगातार चक्रमण करती रही। साढ़े तीन बजे सदर विधानसभा ग्राम सभा रेपुरा के बुथ नंबर 370 व अगरौली के 361 पर मशीन खराब होने के कारण दोनों जगह करीब आधा-आधा घंटा मतदान बाधित रहा। जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा मशीन बदलवाया गया। बासडीहरोड थाना क्षेत्र के बिगहीं गांव में केंद्रीय फोर्स से गांव के ही दो लोग उलझ गए। इस दौरान पुलिस ने दोनों की जमकर पिटाई की और थाने भेज दिया। बांसडीह रोड क्षेत्र के लगभग सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके से चुनाव संपन्न हो गया ।क्षेत्र में सुबह में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। लेकिन दोपहर होते ही लोग धीरे धीरे एक एक करके आते रहे और वोट देते रहे । वही सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन अलर्ट रहा।
000
प्रमुख प्रत्याशी
--दयाशंकर सिंह-भाजपा
--नारद राय-सपा
--शिवदास वर्मा-बसपा