रेवती। ‘...अम्मी आपको मेरी कसम मुझे आप लोग ढूंढ़ना मत। मैं यहां से बहुत दूर जा रही हूं। मैं अपने साथ कुछ भी लेकर नहीं जा रही हूं। गहने आदि आलमारी में हैं तथा चाबी रखकर जा रही हूं। मैं रोज-रोज की मारपीट से तंग आ गई हूं। तलाक की बदनामी मुझसे बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे में मुझे मा़फ कर देना...।’ इस प्रकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मचा है।
रेवती नगर निवासी विवाहिता के पिता असगर ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी आरजू की शादी रेवती में 15 महीने पूर्व हुई थी। शादी के चार-पांच महीने बाद ससुराल वाले दहेज का दबाव बनाने लगे। बेटी को मारना पीटना तथा तलाक देने की धमकी बराबर दी जाने लगी। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। आरोप लगाया है कि तहरीर लेकर थाने गया तो पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा नहीं पंजीकृत किया। बल्कि गुमशुदगी की तहरीर लिखवाकर दर्ज कर ली।