बैरिया। ग्राम पंचायत चकगिरधर (तिवारी की मिल्की) के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए जाने के विरोध में तहसील पर प्रदर्शन किया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि ब्लॉक कर्मियों द्वारा जातियों के जनसंख्या की गलत आख्या प्रस्तुत करने के कारण आरक्षण में अंतर हुआ है। कहा कि अगर चकगिरधर ग्राम पंचायत प्रधान पद का आरक्षण नहीं बदला गया तो ग्राम पंचायत के लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने ज्ञापन देकर बताया कि उक्त गांव में 2011 की जनगणना में सामान्य जाति के लोगों की जनसंख्या 298 बताई गई है जबकि वहां मतदाता सूची के अनुसार मतदाताओं की संख्या 600 से अधिक है। वहीं अनुसूचित जाति की जनसंख्या 262 बताई गई है जबकि मतदाता सूची के अनुसार उनकी संख्या 110 ही है। उनका कहना है कि ब्लॉक प्रशासन द्वारा जानबूझकर गलत रिपोर्ट प्रस्तुत किया गया जिसके आधार पर चकगिरधर का प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है। इस मौके पर रतन तिवारी, शिवनारायण राम, सहदेव राम, अजय राम, अजय कुमार तिवारी, कमलाकर तिवारी, अनिल राम, अजय कुमार राम, रोहित राम, शैलेश कुमार राम आदि रहे।