बैरिया थाना क्षेत्र के निवासी संविदा लाइनमैन सुनील यादव की सोमवार की सुबह संसार टोला गांव में केबल जोड़ते समय करंट लगने से मौत हो गई थी। नाराज ग्रामीणों ने जयप्रकाश नगर विद्युत उपकेंद्र में ताला जड़ दिया था। इससे सम्बंधित गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। बुधवार की शाम जिले के आला अधिकारियों पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।
जयप्रकाश नगर निवासी संविदा कर्मी लाइनमैन सुनील कुमार यादव पुत्र रामजनम यादव की सोमवार को करंट लगने से मौत हो गई थी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ था। किसी प्रकार की सहायता राशि नहीं मिलने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र जयप्रकाश नगर के मेन गेट पर ताला जड़ दिया था।
इससे संबंधित तीन दिनों से गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद थी। बुधवार दोपहर स्थानीय अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई हल नहीं निकलता देख उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। एडीएम देवेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी एस आनन्द, एसडीएम आत्रेय मिश्रा, सीओ उस्मान मौके पर पहुंचे। परिजनों सहित ग्रामीणों से उनकी मंशा जानकर बिजली विभाग के एक्सईएन के एडीएम ने वार्ता की।
बताया कि 16 अगस्त को पांच लाख रुपये का चेक ग्लोबल कम्पनी के माध्यम से मिल जाएगा। बच्चों के भरण पोषण व शिक्षा दीक्षा में जो खर्च लगेगा वह ग्लोबल कम्पनी ही देती रहेगी। परिजनों व ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के पत्नी को कहीं भी संविदा कर्मी के रूप में नौकरी दी जाए। इसके लिए भी एडीएम ने एक्सईएन से बातचीत की। बातों से संतुष्ट परिजनों ने विद्युत उपकेंद्र की चाभी उनको सौंप दी। एसएचओ बैरिया धर्मबीर सिंह, प्रधान अशोक यादव, अशोक कुमार सिंह, टिपन सिंह, अजय कुमार यादव, बच्चाजी यादव, सुशील सिंह रहे।