बैरिया। बिहार के तटवर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी पर पुलिस नकेल नहीं लग पा रही है। मंगलवार का सोशल मीडिया पर नदी के रास्ते शराब तस्करी का एक वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान लेकर बुधवार को एक सेल्समैन, तस्कर सहित सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौकी प्रभारी चांददियर के उप निरीक्षक परमात्मा मिश्र ने तहरीर दी है कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दीपू सिंह, अर्जुन सिंह और ब्रह्म तिवारी के कहने विकास सिंह, सनी सिंह और एक सेल्समैन यूपी से शराब नाव के जरिये लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में नदी के रास्ते नाव के सहारे शराब तस्कर बिहार शराब ले जाते देखे जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शराब तस्करों व तस्करी में शामिल लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
शराब तस्करों पर कड़ी कार्रवाई को चेताया था : बैरिया थाने में शनिवार समाधान दिवस में पहुंचे एसपी ओमवीर सिंह ने कहा था कि शराब के मामलों में यह क्षेत्र बदनाम है, अगर शराब की तस्करी हुई और मामला प्रकाश में आया तो किसी को बक्सा नहीं जाएगा। चाहे वह पुलिसकर्मी हो, सरकारी कर्मचारी हो या शराब माफिया। क्षेत्र के खुले शराब गोदाम पर कड़ी नजर है। इसके उपरांत चांद दियर चौकी सहित बार्डर क्षेत्रों का जायजा भी लिया था।