बलिया। चुनावी माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद जिले में तनाव का माहौल है। वायरल वीडियो में दोनों नेताओं को लेकर आपत्तिजनक बात कही गई है और अखिलेश जिंदाबाद के नारे लगाए गए है। मामला जिले के मनियर या बांसडीह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
इस मामले में मनियर थानाध्यक्ष मदन पटेल का कहना है कि मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। यह मामला मेरे थाना क्षेत्र का नहीं है, बावजूद अधिकारियों के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बीते एक मार्च को वायरल किया गया है, जिस दिन जिले में अखिलेश यादव का कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम हुआ था। वीडियो में नजर आ रहे लोग मनियर थाना क्षेत्र के बताए गए हैं, जो जीप के छत पर बैठे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व योगी आदित्यनाथ का नाम लेकर बहुत ही आपत्तिजनक बातें कही गई हैं। वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।