बलिया। कोरोना के चलते विद्यालय बंद चल रहे हैं। ऐसे में बच्चों को सरकारी चैनल स्वयंप्रभा पर पढ़ाने के लिए विभिन्न जिलों में शिक्षकों का चयन किया जा रहा है। इसके तहत जिले में एक शिक्षक का वीडियो एनसीईआरटी की अनुमति के लिए भेजा गया है। हालांकि अभी तक एनसीईआरटी की अनुमति नहीं मिली है।
कोरोना संक्रमण के दौरान लंबे समय तक लागू लॉकडाउन से अबतक सभी स्कूल कॉलेज बंद हैं। अनलॉक-1 में भी संक्रमण को देखते हुए सरकार ने स्कूल कॉलेजों को खोलने की अनुमति नहीं दी है। इसके चलते छात्रों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। हालांकि लॉकडाउन-टू में ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की गई लेकिन वह भी कोई खास असर नहीं दिखा सकी। अब सरकार ने सरकारी चैनल स्वयंप्रभा पर पढ़ाने के लिए शिक्षकों को चयन करने का निर्देश दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि इस चैनल पर सुबह व शाम दो पालियों में शिक्षक पढ़ाएंगे। बताया कि सरकार के निर्देश के अनुसार संबंधित शिक्षकों की विषय से संबंधित वीडियो बनाकर अनुमति के लिए एनसीईआरटी को भेजा जाएगा। अनुमति मिलने के बाद ही इस वीडियो को स्वयंप्रभा चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। बताया कि जिले के सुखपुरा इंटर कॉलेज के भूगोल के शिक्षक अजय प्रताप सिंह का वीडियो तैयार कराकर एनसीईआरटी को अनुमति के लिए भेजा गया है। अभी तक अनुमति नहीं मिली है। बताया कि अन्य विषयों के शिक्षकों के वीडियो बनाने की प्रक्रिया चल रही है।