शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में रविवार की रात एक युवक ने पहले अपनी नस काटी, फिर सीने में चाकू घोंप कर आत्महत्या कर ली। आनन-फानन में परिवारीजन अस्पताल ले आए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बिना पुलिस को सूचना दिए परिवार के लोगों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक बहादुरपुर गांव निवासी शिपू राय (28) शांत और मृदु स्वभाव का था। रविवार की रात उसके घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इससे क्षुब्ध होकर शिपू ने पहले चाकू से अपने हाथ की नस काट ली और थोड़ी ही देर में उसने अपने सीने में चाकू मारकर खुद को लहूलुहान कर लिया।
इसकी जानकारी होते ही घर के लोग उसे लेकर किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देने और पोस्टमार्टम कराने के बजाए रात में ही शव को अस्पताल से लेकर चले आए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इतना ही नहीं घर पर ताला लगाकर परिवार के सदस्य कहीं और चले गए। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है।
इस संबंध में कोतवाल इल्ताफ हुसैन ने बताया कि बहादुरपुर में चाकू मारकर आत्महत्या करने की खबर उन्हें मिली है, मामले की छानबीन की जाएगी। उधर इस संबंध में जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में तैनात चिकित्सक डा. दीपक शाह ने बताया कि मरीज को जिस समय लाया गया था, उसकी मौत हो चुकी थी। उसके एक हाथ की नस कटी हुई थी तथा सीने में चाकू का गहरा जख्म भी था।