बलिय। नगर के टाउन हाॅल बापू भवन में पूर्व मंत्री स्व. विक्रमादित्य पांडेय की पुण्यतिथि कार्यक्रम में नगर विधायक व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पहुंचे थे। इसकी जानकारी होने पर चित्तू पांडेय स्थित ओवरब्रिज के नीचे से हटाए गए सब्जी विक्रेता जुलूस निकालकर मौके पर पहुंच गए।
यहां पुलिसकर्मियों ने जुलूस को रोक दिया। इस पर सब्जी विक्रेता परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलने की बात कहते हुए वहीं बैठ गए। कार्यक्रम के बाद सब्जी विक्रेताओं ने सांसद सनातन पांडेय से सब्जी की दुकान लगाने के सिलसिले में बात की। सांसद ने आश्वासन दिया कि अधिकारियों से वार्ता कर सब्जी मंडी के लिए जगह दिलाई जाएगी।
सब्जी विक्रेताओं ने परिवहन मंत्री से कहा कि वे वर्षों से ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बेचते थे। लेकिन वहां न्यायालय का संचालन होने के चलते हटा दिया गया है। इस मौके पर बबलू साह, अजय साह, रवि साह, संतोष साह, कृष्णा साह आदि रहे।