बलिया। नगरपालिका बोर्ड की बैठक नगरपालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित की गई। जिसमें ददरी मेला, नगर में अतिक्रमण हटाने व स्वकर प्रणाली के लागू करने समेत विभिन्न प्रस्तावों पर सभासदों ने विचार किया और सहमति प्रदान की।
नगरपालिका बोर्ड बैठक में ददरी मेला परिसर में जर्मन हैंगर टेंट लगाने के साथ ही मेला अवधि 17 नवंबर से 17 दिसबंर तक नगर क्षेत्र में होर्डिंग बैनर लगाने पर पाबंदी के साथ ही ददरी मेला परिसर में वाहन स्टैंड एवं लकड़ी बाजार की नीलामी नगरपालिका बोर्ड द्वारा कराने का प्रस्ताव प्रस्तुत हुआ। जिस पर विचारों उपरांत बोर्ड ने अपनी सहमति प्रदान की। इसके अलावा नगर क्षेत्र में स्वकर प्रणाली लागू करने और इसके लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराने तथा शहर के सड़कों की पटरियों पर अवैध रुप से अतिक्रमण कर काबिज लोगों के खिलाफ अभियान चलाने के प्रस्ताव को भी नगरपालिका बोर्ड ने अपनी स्वीकृति प्रदान की है। बोर्ड बैठक में उपजिलाधिकारी सदर/ प्रभारी अधिशासी अधिकारी आत्रेय मिश्र, सभासद प्रतिनिधि विनोद सिंह, अखिलेश सिंह झिंगन, सुमित मिश्र गोलू, ददन यादव, अमित दूबे, सूरज तिवारी आदि के अलावा नपा के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।