इंदरपुर। अवैध पटाखा की बिक्री को लेकर पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बुधवार को सुबह एक मकान में दबिश देकर 1200 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया। इसका अनुमानित मूल्य 40 लाख रुपये माना जा रहा है। अवैध पटाखा कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और एसओजी प्रभारी अजय यादव दीपावली त्योहार के दृष्टिगत चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने मकान में अवैध पटाखों का भारी मात्रा में भंडारण किया है। पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने विजयी पासी की कुजड़ा मोहल्ला स्थित मकान पर दबिश दी।
सागर बर्नवाल पुत्र ओमप्रकाश बर्नवाल निवासी कस्बा रसड़ा बजाजी मोहल्ला को गिरफ्तार किया। कब्जे से 68 कार्टून में भरे विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए। इसमें चकरी, चटाई, फुलझरी, मिनी बुलेट बम, राकेट बम, अनार आदि पटाखे (1200 किलोग्राम) बरामद हुए। इसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये आंकी गई। गिरफ्तार व्यक्ति को विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय चालान कर दिया।