बलिया। जिले में कल से 18 से 44 साल के लोगों को टीकाकरण शुरू होगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो कुल 14 केंद्रों पर टीकाकरण को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। जनपद में एक जून से 18 से 44 वर्ष को लगने वाले कोविड वैक्सीन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 केंद्रों को चयनित किया है। इसकी पूरी प्लानिंग के तहत तैयारी की गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ आरके सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर में 100, जिला महिला चिकित्सालय में वार्ड टू और थ्री में 100-100 वैक्सीन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वायना पीएचसी पर 100, सोनबरसी सीएचसी पर 100, रसड़ा सीएचसी पर 100, सीयर सीएचसी पर 100, सिकंदरपुर सीएचसी पर 100, नगरा सीएचसी पर 100 तथा नरही सीएचसी पर 100 वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं शिक्षकों के लिए इंद्र कन्या जूनियर हाई स्कूल शीश महल पर 50, कर्मचारियों के लिए विकास भवन पर 50, जिला न्यायालय परिसर में कोर्ट के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए 50 और मीडियाकर्मियों के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में 50 वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार कुल 14 केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष वालों को कोविड वैक्सीन लगाने की तैयारी है। रविवार को वैक्सीन लगाने के लिए लोगों को सूचीबद्ध करने का काम चलता रहा ताकि वैक्सीन की डोज का नुकसान न हो।