हल्दी। कोरोना टीका सभी को लगाया जाए इसके लिए सरकार कटिबद्ध है। इसे लेकर विभिन्न प्रकार से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, लेकिन धरातल की स्थिति कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। आलम यह है कि विधायक ने सीएमओ से फोनकर वैक्सीन मांगा लेकिन मात्र 100 डोज ही प्राप्त हुआ, जो सोमवार को 10 बजे से पहले ही बुक हो गया। 70 से 80 लोगों को उल्टे पांव बैरंग लौटना पड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी अंतर्गत छोटे-बड़े करीब 70 गांव हैं, जहां रविवार को जीरो साल से 12 वर्ष तक के बच्चों को दवा किट देने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी के प्रांगण में पहुंचे बैरिया विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह से क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत की कि अस्पताल में एक भी वैक्सीन नहीं है। यह सुनने के बाद विधायक सुरेंद्र सिंह ने तुरंत सीएमओ को वैक्सीन उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद मात्र 100 डोज उपलब्ध हुआ, जो लाखों की आबादी के लिए यह वैक्सीन ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुआ।