बलिया। यूपी बोर्ड वर्ष-2025 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम आज यानी 25 अप्रैल को दिन में 12.30 बजे जारी होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि परीक्षा परिणाम को लेकर बोर्ड की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। पिछली बार बोर्ड परीक्षा में 10वीं,12वीं में 98,423 परीक्षार्थी पास हुए थे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 तक हुई थीं। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जिले में बने 163 केंद्र बनाएं थे, जहां हाई स्कूल और इंटर के 126757 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी।
परीक्षा में इस बार 11644 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे। जबकि वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा में यह आंकड़ा करीब 13904 था। तब 177 केंद्रों पर 138706 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
जिले के सभी 613 स्कूलों से इस बार 126757 विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से 12 मार्च तक चली थी। इसके बाद 19 मार्च से दो अप्रैल तक मूल्यांकन की कवायद शुरू हो गई थी। इस बार जिले में कॉपियों का मूल्यांकन 13 दिनों में पूरा करा लिया गया था।
मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक हाईस्कूल में सर्वाधिक अनुपस्थित अंग्रेजी में 6388, विज्ञान में 6268, गणित में 6670, संस्कृत में 4248,हिंदी में 5997, सामाजिक विज्ञान में 6389, चित्रकला में 2063 छात्रों की रही। इसी प्रकार इंटरमीडिएट की सर्वाधिक अनुपस्थित रसायन विज्ञान में 5444, भौतिक विज्ञान में 4481, हिंदी में 5234 छात्र गैरहाजिर रहे थे।
इसके बाद बोर्ड ने सात से नौ अप्रैल तक हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में शामिल परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरण में त्रुटि संशोधन के लिए आवेदन लिए। इस बीच बोर्ड ने प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए परीक्षार्थियों के लिए सात एवं आठ अप्रैल को फिर से प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी कराईं और इसके बाद रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।