चिलकहर। गड़वार-नगरा मार्ग पर चोगड़ा पुलिया के समीप गड़वार की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े थ्रेसर लगे ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। इससे ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हो गए। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर अवस्था को देखते हुए तीन लोगों को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। एक का इलाज जिला अस्पताल में भी चल रहा है। घटना के बाद लोगों ने कुरेजी चट्टी पर जाम लगा दिया। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। मृतक के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
गडवार थाना क्षेत्र के चोगड़ा पुलिया के समीप रविवार की सुबह गड़वार की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े थ्रेसर लगे ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। इससे ट्रैक्टर पर सवार गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी निवासी विनोद राम (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
हल्दी थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी जयराम (44) पुत्र लालमोहर, गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी निवासी श्रीप्रसाद (42) पुत्र कन्हैया राम, अजीत (32) पुत्र कन्हैया राम, छांगुर (45) पुत्र जगमोहन राम निवासी कुरेजी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था को देखते हुए श्रीप्रसाद, अजीत और जयराम को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। छांगुर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने कुरेजी चट्टी पर जाम कर दिया। प्रभारी निरीक्षक के काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त हो सका। विनोद की पत्नी जोनिया देवी का रोते-रोते बुरा हाल रहा। विनोद को दो पुत्री और एक पुत्र है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।