बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के केवरा चट्टी के पास बृहस्पतिवार रात वाहन के धक्के से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी अगऊर पहुंचाया, जहां घायलों की नाजुक हालत को देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के भोजपुर जिला के गौराबाजार निवासी संदीप राय (26) दोस्त अरुण यादव (35) के साथ बृहस्पतिवार रात उसके ससुराल जयनगर बाइक से जा रहे थे। केवरा चट्टी के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अरुण यादव ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि संदीप की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।