बलिया जिले में मुंबई और नोएडा से आए दो युवकों को शनिवार को कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 42 हो गई है। पहले 28 हॉटस्पॉट क्षेत्र थे लेकिन दो नए मरीजों के मिलने के बाद अब तीस हॉटस्पॉट हो गए हैं।
हल्दी। क्षेत्र के बेलहरी गांव मिले संक्रमित युवक ने बताया कि वह 14 मई को ट्रेन से मुंबई से अपने गांव आया था। संदेह होने पर 24 मई को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका सैंपल लिया था। इसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई। इस दौरान वह होम क्वारंटीन था।
नगरा। थाना क्षेत्र के अतरौली करमौता के एक युवक की रिपोर्ट शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गांव के लोगों में भय है। नोडल अधिकारी डा. अमित कुमार राय नगरा ने पुलिस के साथ पहुंचकर युवक को लाए और बसंतपुर स्थित एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने पत्नी व बच्चों के साथ 18 मई को नोएडा से गांव आया था, जहां अपने घर पर होम क्वारंटीन था। स्वास्थ्य टीम ने 24 मई को पति व पत्नी का सैंपल जांच के लिए भेजा था। शनिवार को आई रिपोर्ट में पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।