रेवती थाना क्षेत्र के नारायनागढ़ ढाला पर बोलेरो की जद आने आल्हा पासवान की दो वर्षीय पुत्री मृतक
बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के नारायणगढ़ ढाले पर शुक्रवार की सुबह स्कूल के बच्चों को लेने के लिए जा रही बोलेरो की चपेट में आने से दो साल की मासूम बुधिया की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने चालक विनोद यादव की पिटाई कर बंधक बना लिया।
सूचना पर एसएचओ रेवती राजेश बहादुर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे । चालक को हिरासत में लिया और शव के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएचओ ने बताया कि दलपतपुर निवासी विनोद यादव रानीगंज स्थित एक निजी स्कूल में अपनी बोलेरो चलाते हैं। सुबह के समय बच्चों को लेने नारायणागढ़ की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान नारायणागढ़ ढाले पर कोहरे के बीच अचानक सड़क पार कर रही दो वर्षीय बुधिया टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने इलाज के लिए सीएचसी पर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने बोलेरो चालक विनोद को पकड़ कर पिटाई करने के बाद रस्सी से बांध दिया। बेटी की मौत से पिता आल्हा व मां रेखा देवी का रोते-रोते बुरा हाल है। आल्हा की दो संतान एक चार वर्ष का बेटा अमित व दो वर्ष की बेटी बुधिया थी। ग्रामीणों ने बताया कि कोहरे के बाद भी विनोद तेज रफ्तार में गांव की तरफ जा रहा था, सड़क किनारे खड़ी बच्ची चपेट में आ गई।
सभी की दुलारी थी बुधिया
मासूम बुधिया की मौत से परिवार वाले शोक में डूब गए हैं। परिवार में सबसे छोटी होने के कारण हर कोई बुधिया से प्यार करता था। मां रेखा बेटी की मौत के बाद से बेसुध हैं। चार वर्ष के बेटे अमित को गोद में लेकर बिलखते हुए यही कह रहीं कि अब तुम्हे कौन राखी बांधेगा। पिता आल्हा पासवान दूसरे शहर में रहकर टेन में कांट्रेक्टर के आधार पर सफाईकर्मी का काम करते हैं। बेटी की मौत की खबर सुनकर घर के लिए रवाना हो गए हैं। दादा बड़क पासवान पोती के शव को गोद में उठाकर धाड़े मारकर रो रहे थे।