फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पानी भरे रास्ते पर गिरा बिजली का तार, करंट की चपेट में आने से सगी बहनों की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। सुखपुरा थाना के जीराबस्ती केंद्रीय विद्यालय के पीछे बुधवार को दोपहर एक बजे रास्ते पर लगे पानी में बिजली का तार टूट कर गिर गया। इस दौरान पानी से होकर गुजर रही दो सगी बहनें सातवीं की छात्रा अलका यादव (14) और नौवीं की छात्रा आंचल यादव (17) चपेट में आ गईं। दोनों की मौत हो गई। खबर मिलते ही जिला अस्पताल में कॉलोनीवासी पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। मोहल्ले के लोगों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की और शवों का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ ने दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को समझाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विज्ञापन


देर रात मां सुनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने जेई आशुतोष पांडेय व एसडीओ अनिल राम के खिलाफ सुखपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया। डीएम ने दोनों पर विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। डीएम ने बताया कि बच्चियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

हल्दी थाना के बजरहां गांव निवासी हरेराम यादव देवरिया में दीवान हैं। उन्होंने केंद्रीय स्कूल के पीछे तीन साल पहले मकान बनवाया और पत्नी, दो बेटियों के साथ रहने लगे। वह ड्यूटी पर देवरिया जाते और पत्नी बेटियों के साथ घर पर रहती। बेटियां धरहरा स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थीं। बुधवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी हुई तो दोनों बहनें रास्ते पर लगे पानी से होकर घर जाने लगीं। इसी दौरान बिजली का तार टूट कर पानी में गिर गया। इसकी चपेट में आकर दोनाें बहनें अचेत हो गईं। आसपास के लोगों ने बच्चियों को देखा तो बिजली निगम को सूचना दी। निगम ने बिजली काटी तो दोनों को स्कूल के पास ले जाया गया। छात्रों ने सीपीआर दी लेकिन कोई फायदा नहीं मिला। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


बेटियों की मौत की सूचना मिलते ही मां सुनीता देवी बेहाेश हो गईं। इस बीच काॅलोनीवासियों ने लापरवाही का आरोप लगाकर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर एसडीएम तिमराज सिंह, सीओ उस्मान, प्रशिक्षु सीओ, थानाध्यक्ष सुशील दुबे अस्पताल पहुंचे। परिजनों को समझा कर पोस्टमार्टम के लिए राजी किया।

करंट की चपेट में आने से स्कूल से लौट रही दो सगी बहनों की मौत हो गई है। रास्ते पर पानी लगा था। उसी में बिजली का तार टूट कर गिर पड़ा। - उस्मान सीओ सिटी/सदर।

छह मिनट बाद बिजली कटी

पानी में बिजली का तार टूट कर गिरने पर छह मिनट बाद बिजली कटी। जानकारों के अनुसार, उपकेंद्र पर ऑटो रिले लगा होता है। बिजली का तार टूट कर गिरने के बाद लाइन शटडाउन हो जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर तार टूटने के बाद बिजली तुंरत कट गई होती तो दोनों बहनों की जान बच सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगने के बाद दोनों बहनें कुछ मिनट तक छटपटाती रहीं, उसके बाद अचेत हो गईं। बिजली होने के कारण लोग चाह कर भी बचाने नहीं गए। छह मिनट बाद बिजली कटने पर लोगों ने दोनों को बाहर निकाला।

डीएम और सीएम से शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

जीराबस्ती नई बस्ती में करीब तीन माह से बारिश के पानी से रास्ते पर जलभराव है। काॅलोनी में बिजली निगम के बिना खंभे लगाए 50 से ज्यादा कनेक्शन दिए गए हैं। लोग बांस व बल्ली पर 100 से 200 मीटर तक केबल खींचकर बिजली जला रहे हैं। तार व बांस जर्जर हो चुके हैं। कॉलोनीवासी जर्जर तार बदलवाने व पानी निकासी के लिए बिजली कार्यालय से लेकर ब्लॉक कार्यालय व डीएम से लेकर सीएम तक शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

जेई व एसडीओ पर मुकदमा दर्ज

मृतका की मां सुनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने जेई आशुतोष पांडेय व एसडीओ अनिल राम पर सुखपुरा थाना में मुकदमा दर्ज किया है। डीएम ने दोनों पर विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। डीएम ने बताया कि दोनों मृतक छात्राओं के परिजन के प्रति संवेदना है। पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।


घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। दोनों बेटियों की मौत से मां सुनीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। सिर्फ दो बेटियां ही है, दोनों बेटियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए घर बनाकर रहती थी। रोते-रोेते आंखों के आंसू तक सुख गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें