उभांव थाना क्षेत्र के एकसार पिपरौली गांव के कटाई टोले में सोमवार की रात स्पार्किंग से एक मकान में आग लग गई। घटना में दो बहनों की जलकर मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे माता-पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एकसार पिपरौली गांव के कटाई टोले में शहजाद कुरैशी (45) का मकान है। घर के बाहर एक दूकान भी है। सोमवार की देर रात दूकान के पास से गुजर रहे बिजली के तार में स्पार्किंग से निकली चिंगारी से मकान में आग लग गई।
अंदर सो रहे लोगों को जबतक इसका पता लगा पूरा घर लपटों में घिर गया था। इससे घर में सो रही यासमीन (16) और आफरीन (09) गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि शहजाद और उनकी पत्नी रेहाना (40) गंभीर रूप से झुलस गए। उधर शहजाद के सात वर्षीय बेटे आसिफ ने खिड़की से बाहर कूदकर जान बचाई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अगलगी में दूकान में रखा हजारों का सामान भी जल गया। जानकारी होने के बाद तहसीलदार योगेंद्र प्रसाद, जावेद अनवर आदि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को यथासंभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया। घटना के बाद गांव में सियापा पसर गया था।