बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव के पास दोहरीघाट सहायक तुर्तीपार नहर से सोमवार को एक बार फिर भगवान की दो प्रतिमाएं मिली हैं। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना उभांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची । दोनों प्रतिमाओं को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
बरामद प्रतिमाओं में एक भगवान हनुमान और दूसरी माता सीता की बताई जा रही है। महज चार दिनों के भीतर इसी नहर से दो अलग-अलग घटनाओं में भगवान की कुल चार प्रतिमाएं बरामद हो चुकी हैं।
सुपापाली मठ के महंत कमल नयन दासजी महाराज के अनुसार उनके मठ से कुल पांच प्रतिमाएं चोरी हुई थीं। उन्होंने बताया था कि भगवान हनुमान की प्रतिमा पर खंडित किए जाने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
महंत ने यह भी आशंका जताई थी कि यदि चोरों ने चोरी की प्रतिमाओं को नहर में फेंका है तो बाकी चोरी हुई प्रतिमाएं भी इसी नहर अथवा आसपास के जल क्षेत्र में हो सकती हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से नहर में व्यापक स्तर पर तलाश कराने की मांग की थी। अब सोमवार को इसी नहर से हनुमान जी और माता सीता की प्रतिमाएं मिलने के बाद महंत की आशंका सच साबित हो रही है।
हालांकि, बरामद चारों प्रतिमाएं सुपापाली मठ से चोरी हुई थीं या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस बाबत थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने कहा कि जांच के बाद कहा जाएगा कि कहा की मूर्ति है।