बैरिया क्षेत्र के गोपालनगर टाड़ी गांव में मकान को ठोकर मारती सरयू नदी की लहरें।संवाद
बैरिया। गोपालनगर टाड़ी में शुक्रवार को भी सरयू नदी के कारण कटान जारी रही। सरयू की तेज लहरों ने रामायण यादव और नंदजी यादव के मकान को अपनी आगोश में ले लिया। करीब 10 बीघा खेते भी सरयू नदी में कटकर बह गए।
गांव के राजनारायण यादव, सुरेंद्र यादव, राजाराम यादव, सुनील यादव, बच्चू यादव, हरेंद्र यादव, राजरानी देवी समेत कुल आठ लोगों के मकान सरयू नदी की कटान के मुहाने पर हैं। अगर कटान इसी तरह जारी रही तो ये मकान भी सरयू नदी में समा सकते हैं। कटान के कारण गोपालनगर टाड़ी गांव में अफरातफरी का माहौल है। लोग अपना-अपना समान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर रहे हैं।
गोपालनगर टाड़ी गांव का लगभग दो तिहाई हिस्सा सरयू नदी में समा चुका है। कटानरोधी कार्यों में अनियमितता के कारण ग्रामीण कटान को जिम्मेवार ठहराते हुए बाढ़ खंड के अधिकारियों को कोष रहे हैं। पीड़ितों को नहीं मिल रही मदद: गांव में कटान के कारण बेघर हुए लोगों की बेबसी लाचारी को देखने के लिए नेता और अधिकारी लगातार पहुंच रहे हैं, लेकिन किसी ने भी कटान पीड़ितों को राहत नहीं पहुंचाई है। सिर्फ सूर्यभान सिंह ने कटान पीड़ितों की आर्थिक मदद की है। कटान प्रभावित गांव की बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। लोगों परेशान हैं। उपजिलाधिकारी के आदेश के बावजूद यहां जनरेटर की व्यवस्था नही हो पाई है।