बलिया। दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय ऑल इंडिया सब-जूनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप में जिले के दो कराटे खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने दुबई में आयोजित वर्ल्ड यूथ कराटे चैंपियनशिप में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। यह जानकारी स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ बलिया के अध्यक्ष बालकृष्ण मूर्ति ने दी। कहा कि अब अगला लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय मेडल है।
उत्तर प्रदेश टीम के कोच एवं स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के सचिव सुमीत झा ने बताया कि 55 किग्रा भार वर्ग के फर्स्ट राउंड में आयुष सिंह ने असम को 9-3 और सेकेंड राउंड में हरियाणा को 6-4 के अंतर से पछाड़ दिया। फाइनल में महाराष्ट्र को 5-4 के अंतर से हराकर मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वही, दूसरी तरफ अनुराग कुमार गुप्ता ने 55 किग्रा. भार वर्ग के पहले राउंड में गुजरात को 4-2 से तथा दूसरे राउंड में दिल्ली को 5-2 के अंतर से हरा दिया। सेमीफाइनल में अरुणाचल प्रदेश को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल राउंड में कड़े मुकाबले के बाद असम को 1/0 के अंतर से पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ बलिया के मो. आरिफ हुसैन, सुरेंद्र गुप्ता, राज शेखर सन्नी, आशीष कुमार, नकुल रावत, दिनेश गुप्ता, प्रवीण मिश्र, राहुल यादव, ज्योत्स्ना यादव, प्रदीप चौबे, ओम प्रकाश वर्मा, गरिमा सिंह, अमित कुमार वर्मा, युवराज सिंह यादव, रिदित सिंह, निखिल कृष्ण मोहन मूर्ति आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।