मनियर (बलिया)। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में आर्केस्ट्रा देखने के विवाद में दबंगों ने बरातियों की जमकर पिटाई कर दी। इस मामले में वर पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया। वहीं, वर पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विशुनपुरा निवासी प्रदीप मिश्रा के यहां रसड़ा थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव से विक्रमचंद तिवारी बरात लेकर आए थे। शादी की सारी रस्में पूरी होने के बाद रात में करीब एक बजे विशुनपुरा गांव के ही राजभर बिरादरी के कुछ लड़के आर्केस्ट्रा चालू कराने का दबाव बनाने लगे। इसे लेकर बरातियों से विवाद हो गया और मामला मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में वर पक्ष के राजेश तिवारी पुत्र रामेश्वर तिवारी, अतुल तिवारी पुत्र सुभाषचंद तिवारी निवासीगण ग्राम बलीपुर, थाना रसड़ा और अनिकेश पांडेय पुत्र स्व. कृष्णानंद पांडेय निवासी बहादुरपुर थाना रामपुर जनपद मऊ घायल हो गए। पुलिस ने बराती पक्ष की तहरीर पर आठ नामजद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, लेकिन उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।