बलिया। बांसडीह कोतवाली गेट के सामने युवक रोहित पांडेय की हत्या के मामले में बाल न्यायालय ने दो बाल अपचारियों को 14-14 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोनों पर कुल 87 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। फैसले में पुलिस की मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन विभाग की प्रभावी पैरवी अहम रही।
अभियोजन के अनुसार, बांसडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या के मुकदमे में दोनों बाल अपचारियों को दोषसिद्ध पाया गया। मामला बाल न्यायालय/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट), कोर्ट संख्या-08 में विचाराधीन था। न्यायालय ने 14 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। इसके अलावा 10 वर्ष की सजा और 25 हजार रुपये अर्थदंड, धारा 191(3) में तीन वर्ष की सजा और पांच हजार रुपये अर्थदंड, धारा 191(2) में एक वर्ष की सजा और पांच हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 115(2) के साथ धारा 190 के तहत एक वर्ष की सजा और दो हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर अलग-अलग अवधि का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन के मुताबिक वादी घटना के समय रोहित पांडेय अपने भाई के साथ बांसडीह कोतवाली गेट के सामने सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान आरोपितों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इस मामले में मॉनिटरिंग सेल, पैरोकार और अभियोजन अधिकारियों की प्रभावी पैरवी से दोषियों को सजा दिलाई जा सकी।
कोतवाली गेट के सामने दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हमला कर की थी रोहित की हत्या
दो साल पुराने चर्चित हत्याकांड में चार आरोपियों को हो चुकी है उम्रकैद
बलिया। बांसडीह कोतवाली गेट के सामने दिनदहाड़े युवक रोहित पांडेय की हत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। 20 जुलाई 2024 की सुबह करीब 10 बजे सब्जी खरीदने पहुंचे रोहित और उनके चचेरे भाई राजेश पांडेय पर हमलावरों ने कुल्हाड़ी, गड़ासा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में राजेश भी घायल हुए थे।
चचेरे भाई राजेश पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया था। तहरीर में दरांव निवासी रोहित यादव राइडर, शेखर यादव, पिंडहरा निवासी जवाहर गोंड और प्रकाश यादव, दो बाल अपचारी तथा शीतल दवनी निवासी निशांत सिंह को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान निशांत सिंह का नाम हटा दिया गया और जांच के दौरान छोटकी सेरिया गांव निवासी अभिषेक सिंह और अविनाश सिंह के नाम सामने आने पर जोड़ा गया। पुलिस ने छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपी रोहित यादव राइडर और शेखर यादव ने न्यायालय में समर्पण कर दिया था। वहीं दो बाल अपचारी को पुलिस ने हिरासत में लिया था। अन्य आरोपियों को गिरफ्तारी पुलिस ने की थी।
गैंगवार में हुई थी हत्या, चार आरोपियों को उम्रकैद,
रोहित पांडेय हत्याकांड सोशल मीडिया पर चल रहे गैंगवार के विवाद में हुई थी। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने 12 अक्तूबर को चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। दोषियों में दरांव निवासी रोहित यादव , शेखर यादव और पिंडहरा निवासी जवाहर गोंड तथा ओमप्रकाश यादव शामिल हैं। न्यायालय ने तीन दोषियों पर 1.85-1.85 लाख रुपये और एक दोषी पर 1.95 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया था। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी सजा सुनाई गई थी।