दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में रविवार को युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिकंदरपुर : सिकदरपुर-बलिया मार्ग पर जनुवान शहीद बाबा के स्थान के समीप रविवार को पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पकड़ी थाना क्षेत्र के चक उसरैला गांव निवासी धनजंय राम (35) तथा अरुण राम (32) बाइक द्वारा खेजुरी से सिलिंडर लेकर आ रहे थे। जनुवान शहीद बाबा स्थान के समीप अचानक विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धनंजय राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि साथी अरुण कुमार राम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेजा और गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। उधर, फेफना थाना के ढाबे के समीप रविवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर मौत हो गई। हनुमानगंज भरतपुर गांव निवासी किशोरी राजभर (55) चितबड़ागांव स्थित मौसा के लड़के की शादी में शामिल होने के बाद दूसरे दिन शाम को साइकिल से घर लौट रहे थे। चितबड़ागांव-फेफना के बीच में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जेब में मिले कागजात के अधार पर परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया।