बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के साहोडीह गांव में बुधवार की रात अज्ञात कारणों से दो झोपड़ी में आग लग गई। आसपास के लोगों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जबकि आग की चपेट में आने से तीन बकरियों की मौत हो गई। वहीं, एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने झुलसी भैंस का इलाज किया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विश्राम सिंह ने पीड़ित परिवार को सहयोग राशि देकर आर्थिक मदद की। साहोडीह गांव निवासी रमाशंकर राजभर व छांगुर राजभर का परिवार बुधवार की रात झोपड़ियों में सो रहे थे। देर रात में झोपड़ी में आग की लपटें उठनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अगलगी में रमाशंकर राजभर की एक झोपड़ी में रखे घरेलू सामानों के साथ ही एक भैंस झुलस गई। छांगुर राजभर की एक झोपड़ी में रखे घरेलू सामानों के साथ तीन बकरियां जलकर मर गई। रात में ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।