बांसडीह और सहतवार पुलिस के मुठभेड़ में पकड़े गए विद्युत तार चोरी के आरोपी युवक। पुलिस विभाग
बलिया। बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ में पैर में गोली मारने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर तमंचा, कारतूस व चोरी के तार बरामद किए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि सहतवार व बांसडीह कोतवाली पुलिस टीम बुधवार की रात करीब एक बजे दुधैला अकबरपुर गांव के पास जांच कर रही थी।
उसी दौरान दो चारपहिया वाहन सपरथपार की तरफ से आते दिखे। रोकने पर दोनों गाड़ियां पीछे जाने लगीं। घेरेबंदी देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश टिंकू शाह निवासी दुधैल व शमीम अंसारी निवासी उमरगंज बहेरी कोतवाली के दाहिने पैर में गोली लग गई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, टिंकू शाह व शमीम अंसारी ने बताया कि दोनों ने साथियों के साथ 26 मार्च की रात दुधैला व 30 मार्च की रात अकबरपुर में बिजली के तार व ट्रांसफॉर्मर के सामान की चोरी की थी। दोनों बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए। चोरी के 1.8 किलोमीटर तार, पिलास, आरी व रबर का ग्लव्स भी बरामद हुआ है। वाहन से चोरी हुए तार व तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं।