नगरा। थाना क्षेत्र के सोनापाली मोड़ के समीप नगरा रसड़ा मार्ग पर सोमवार की शाम पीछे से आ रहे ट्रक के धक्के से बाइक सवार एक अधिवक्ता सहित दो व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को पीएचसी नगरा ले आई, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान एक की मौत हो गई। वहीं घायल अधिवक्ता को चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के भंडारी निवासी अरविंद कुमार श्रीवास्तव 48 रसड़ा तहसील में मोहर्रिर का काम करता है तथा ताड़ीबड़ा गांव निवासी राकेश राम 42 अधिवक्ता हैं। सोमवार को दोनों व्यक्ति बाइक से रसड़ा से वापस घर जा रहे थे। बाइक राकेश चला रहे थे। अभी दोनों बाइक सवार सोनापाली मोड़ के समीप पहुंचे थे राकेश की मोबाइल पर फोन आ गया और वह बात करने के लिए बाइक को रोका तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर छटपटाने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची नगरा पुलिस दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाई जहां उपचार के दौरान अरविंद की मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।