कोतवाली पुलिस ने शनिवार की शाम को वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को चोरी की बाइक और तमंचे, कारतूस समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाल श्रीधर पांडेय ने बताया कि शनिवार की शाम उपनिरीक्षक रामाश्रय यादव पुलिस टीम के साथ जानपुर गांव के सामने पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी दो युवक तेज रफ्तार से मनियर की ओर से अलग-अलग मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। रोक कर गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा तो इधर उधर की बात कर बरगलाने लगे। सख्ती करने पर युवकों ने चोरी की बाइक की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान युवकों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में युवकों ने पुलिस को अपना नाम राजीव कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह पुत्र दहरथ सिंह व अमन सिंह पुत्र समीर सिंह निवासी ग्राम बंकवा बताया। उन्होंने बताया कि चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर संबंधित धारा में चालान न्यायालय कर दिया।