बिहार प्रांत के सासाराम स्थित गुुप्ता धाम से दर्शन कर लौटते वक्त चिनाड़ी गांव के समीप शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली पलट गई, जिसमें उसमें सवार जिले के नरहीं थाना क्षेत्र के पलियाखास व लक्ष्मणपुर गांव के 36 लोग घायल हो गए। इसमें दो की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे।
मालूम हो कि नरहीं थाना क्षेत्र के पलियाखास व लक्ष्मणपुर गांव के करीब 41 महिला व पुरुष ट्रैक्टर पर सवार होकर बिहार प्रांत के सासाराम स्थित गुप्ता धाम दर्शन के लिए 22 फरवरी को रवाना हुए। गुप्ता धाम दर्शन करने के बाद घर लौटते वक्त चिनाड़ी गांव के समीप ट्रैक्टर के सामने अचानक एक वृद्ध आ गया। जिसे बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। जिसके बाद ट्राली असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें सवार नरहीं थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी ललिता देवी (45) पत्नी शिवदास, जानकी देवी (52) पत्नी लालबचन, लहसिया (48) पत्नी मदन, माया देवी (55) पत्नी कविंद्र, इंद्रासनी देवी (45) पत्नी रविंद्र, गिरिजा देवी (58) पत्नी हरिहर राय तथा पलियाखास गांव निवासी हरेराम (55), राम भरोस (45), इंद्रदेव (65), रामविशाल (45), नन्हक राजभर (70), अच्छेलाल गोंड (70), अच्छेलाल राम (60), ददन गोंड (45) सहित तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जिन्हें आसपास के अस्पतालों में लोगों ने भर्ती करवाया। वहीं पलियाखास निवासी हीरामन चौधरी (55) और बैजनाथ साहनी (60) की मौत हो गई। गौरतलब है कि नरहीं थाना क्षेत्र के पलियाखास निवासी मृतक हीरामन चौधरी लक्ष्मणपुर चट्टी पर गैस चूल्हा व स्टोव आदि बनाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक प्रत्येक वर्ष गुप्ता धाम दर्शन करने जाता था। जबकि बैजनाथ साहनी रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह प्रत्येक वर्ष गुप्ता धाम जाया करता था। लेकिन इस वर्ष गुप्ता धाम जाते वक्त काल के गाल में समाहित हो गया।