बेल्थरारोड। पिछले कई दिनों से हो रही बरसात से क्षेत्र में तबाही का मंजर दिखने लगा है। विभिन्न गांवों में दर्जनों घर धराशाई हो गए। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। रविवार की शाम तेज हवा के बीच झमाझम बरसात से उभांव-सिकंदरपुर मार्ग पर करीमगंज के पास विशाल पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग पर करीब चार घंटे तक आवागमन अवरुद्ध रहा।
पिपरौली बड़ागांव मार्ग पर पेड़ गिर जाने से तीन विद्युत पोल उखड़ गए। तुर्तीपार का मल्लाह बस्ती और माली बस्ती जलमग्न हो गया है। नगर पंचायत में ठाकुर मंदिर और तुर्तीपार में अष्टभुजी भवानी मंदिर की दीवार भरभरा कर गिर गई। करनी ग्राम में दर्जनों घर जमींदोज हो गए।
वर्षा जारी रहने से रोज कमाने खाने वाले मजदूर आर्थिक तंगी का दंश झेल रहे हैं। नगर के दर्जनों दुकानों और घरों में बरसाती पानी घुस गया है। श्याम सुंदरी बालिका इंटर कालेज में जलभराव के चलते अवकाश घोषित कर दिया गया है। कई विद्यालयों के मैदानों में पानी भर गया है। बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।