बलिया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को नगर के कटहल नाले पर चल रहे सुंदरीकरण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और पूरी परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। परिवहन मंत्री ने बताया कि यह परियोजना बलिया की नई पहचान बनेगी और भविष्य में नागरिकों के मनोरंजन व सैर-सपाटे का प्रमुख केंद्र होगी। प्रथम चरण में उमरगंज पुल से रोडवेज बस स्टेशन की ओर करीब 600 मीटर तक नाले के दोनों किनारों का सुंदरीकरण और 10 फीट चौड़ा पाथ-वे बनाया जा रहा है। दूसरे चरण में इस परियोजना का विस्तार बहादुरपुर पुल से रामपुर महावल रेग्यूलेटर तक किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों से गैंबियन बॉक्स सहित अन्य तकनीकी कार्यों की जानकारी ली और मानकों का पालन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान मृत्युंजय तिवारी बबलू, अरुण सिंह बंटू, कमलेश सिंह, अमरीश पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद