बैरिया। सोनबरसा में ट्रामा सेंटर और भगवानपुर में वेटनरी मेडिकल कॉलेज के लिए नीति आयोग से मंजूरी मिलने के बाद संबंधित विभागों ने भी स्वीकृति दे दी है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो अप्रैल महीने कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
उक्त बातें बुधवार को सोनबरसा स्थित अपने संसदीय कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कही। उन्होंने कहा कि फेफना क्षेत्र में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और चितबड़ागांव क्षेत्र में होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज खुलेगा। इसके लिए जमीन आदि का चयन अप्रैल माह के बाद शुरू होगा। सांसद ने कहा कि दोकटी और लालगंज में 33/11 केवीए के विद्युत उपकेंद्र बनेंगे, इसके लिए कागजी कार्रवाई पूरी हो गई है। बताया कि अब तक निर्माण कार्य शुरू हो गया होता लेकिन कोरोना संकट के चलते कार्य में देरी हुई। सांसद ने कहा लगभग 12 सौ एकड़ रेलवे की जमीन बकुल्हा में है, जिसका उपयोग रेलवे की ओर से मालगोदाम व यार्ड बनाया जाएगा, इसका काम भी जल्दी शुरू होगा। मैं प्रयास में लगा हूं कि पशुपालकों के गोबर की सरकारी खरीद हो और उसका व्यवसायिक उपयोग सरकार करे। इसके लिए उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक दो दिन बाद नई दिल्ली में होगी, जिसपर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बलिया संसदीय क्षेत्र के चौमुखी विकास के संकल्प को दोहराते हुए लोगों से विकास कार्यों के लिए सुझाव मांगा।