बेल्थरारोड। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बुधवार की सुबह उचक्के ने ट्रेन में बैठे यात्री से बात करते उसका मोबाइल छीन लिया। यह देख यात्रियों ने ट्रेन से उतर कर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मौके पर जुटे यात्रियों ने उचक्के को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।
मध्यप्रदेश के सतना जिले के नागौर निवासी रोहित लोधी देवरिया से कृषक एक्सप्रेस पर सवार हो वाराणसी जा रहा था। बेल्थरारोड पहुंचने पर वह खिड़की के पास बैठकर मोबाइल से बात करने लगा। इतने में ट्रेन खुल गई। ट्रेन खुलते ही उचक्के ने बात करने के दौरान रोहित से मोबाइल छीन लिया। यह देख रोहित धीमी गति से चल रही ट्रेन से उतर गया और प्लेटफॉर्म पर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर यात्रियों ने उचक्के को दौड़ा कर पकड़ने के बाद धुनाई शुरू कर दी। यात्रियों ने पकड़े गए उचक्के को जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।