बलिया। महाराष्ट्र के नागपुर से चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन सोमवार की शाम साढ़े चार बजे 1100 मजदूरों को लेकर बलिया स्टेशन पर पहुंची। सभी मजदूरों को प्रशासन ने बसों से उनके गृह जनपद और घर पहुंचवाया।
ट्रेन से आए मजदूरों का रेलवे स्टेशन परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद सभी को लंच पॉकेट व पानी की बोतल देकर रोडवेज बसों से उनके गंतव्य तक भेजा गया। जबकि दूसरी ट्रेन गुजरात के राजकोट से आने वाली है जो रात 8.30 बजे तक आने की संभावना है। महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन से 1100 श्रमिकों को लेकर चली ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे विलंब से पहुंची। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए सभी श्रमिकों को बोगियों से उतारा गया। स्टेशन पर बने गोले में खड़ा कराकर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग की टीम ने सभी का नाम, पता व मोबाइल नंबर दर्ज किया। इसके बाद सभी को लंच पैकेट व बंद बोतल पानी देने के उपरांत 44 रोडवेज बसों से उनके गृह जनपद भेजा गया। वहीं शेष मजदूर अपने अपने संसाधनों से अपने घर पहुंचे।
-