नगर से सटे बहेरी स्थित फोरलेन सड़क पर बने डिवाइडर पर चढ़ा अंसतुलित ट्रेलर।संवाद
बलिया। शहर के सेट बहेरी के पास रविवार की रात अंधेरे में ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक घायल हो गया। दूसरी तरफ स्टेशन चित्तूपांडेय चौराहा मार्ग पर किसी वाहन की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होकर खड़ी थी, पुलिस ने उसे किनारे कर आवागमन चालू कराया।
गाजीपुर के मरहद निवासी चालक संतोष यादव बिहार के मोतिहारी से ट्रेलर से गिट्टी खाली कर गाजीपुर जा रहे थे। कटहल नाले से आगे बहेरी कब्रिस्तान के सामने अंधेरा होने के कारण ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़ गया। आवाज सुन आसपास के घरों के लोग पहुंचे और चालक को केबिन से बाहर निकाल करअस्पताल पहुंचाया। टक्कर के बाद ट्रेलर का अगला केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। चालक संतोष ने बताया कि अचानक मोड पर अंधेरे में डिवाइडर और सांकेतिक चिन्ह धुंधला होने से दिखाई नहीं पड़ा और गाड़ी रुक गई। इस बाबत यातायात निरीक्षक अनवर अली ने बताया कि डिवाइडर के आगे बालू से भरा ड्रम रखा हुआ था। क्षतिग्रस्त ट्रेलर को वहां से हटाकर यातायात बहाल किया जा रहा है।