नगर के शहीद पार्क चौक के समीप दर्जनों व्यापारियों ने मंगलवार को ऑनलाइन कारोबार का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जनपदीय ईकाइ के बैनर तले हुए प्रदर्शन में व्यापारियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करने का आह्वान किया।
जिला महासचिव अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां जिस तरह से प्रतिस्पर्धा के नाम पर सस्ते सामान बेचने का दावा करती हैं यह बिल्कुल जनता को बरगलाना है। ऑनलाइन कंपनियां मैन्युफैक्चर से मिलकर सामान की गुणवत्ता को छुपाते हुए लुभावने रेट पर जनता के साथ छल करते हुए सामान को बेच रही है। इस कारण से छोटे व मध्यम वर्ग के कारोबारियों का व्यवसाय धीरे-धीरे ठप होता जा रहा है। कहा कि यह कंपनियां फिर से ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह भारत में अपना आधिपत्य जमा कर सरकार को भी ब्लैकमेल करेगी और एक समानांतर अर्थव्यवस्था चलते हुए देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना शुरू कर देंगी, जो कि भविष्य के लिए खतरे की घंटी है।