सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. विजयपति द्विवेदी ने मंगलवार को सीएचसी और निर्माणाधीन संयुक्त राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान ऑक्सीजन प्लांट खराब मिलने पर अधीक्षक को फटकार लगाई।
मंगलवार दोपहर मुख्य चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी, लैब, वार्ड का दुर्व्यवस्था देख नाराजगी व्यक्त की। खराब पड़े ऑक्सीजन प्लांट को ठीक नहीं कराने पर अधीक्षक को चेतावनी। कहा कि जल्द ऑक्सीजन प्लांट ठीक कराया जाए। निर्माणाधीन 100 बेड के अस्पताल का भी निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था निर्माण निगम के अवर अभियंता गोविंद कुमार से पूछा कब तक निर्माण कार्य पूरा कर भवन का हैंड ओवर करेंगे। 10 करोड़ की मशीन आकर यहां बेकार पड़ी है। 19 चिकित्साधिकारी सहित लगभग 100 चिकित्साकर्मियों की तैनाती हो चुकी है। अवर अभियंता ने कहा की दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक कार्य पूरा कर बिल्डिंग स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर देंगे। अवर अभियंता ने तत्काल निर्माणाधीन अस्पताल में बिजली लगवाने का भी भरोसा सीएमओ को दिया।