टाउन महाविद्यालय के प्रांगण में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। साथ ही नए मतदाताओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को डीएम ने सम्मानित किया।
इस दौरान लोगों से अपील की गई कि मतदान जरूर करें और मजबूत लोकतंत्र का हिस्सा बनें। मतदान से ही एक अच्छा नेतृत्व मिलेगा। डीएम ने कहा कि इस वर्ष पांचवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
हमारा देश सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां आमजनता अपने मत से सरकार का चयन करती है। कहा कि मतदान कन्यादान से भी बड़ा है। हमारे देश में लोकतंत्र में दिन पर दिन मजबूती आ रही है लेकिन चुनाव में मतदान का प्रतिशम कम होना चिंता का विषय है।
हम लोग परिवार व पड़ोस में ऐसा वातावरण बनायें कि लोग मतदान के लिए आगे आएं और मजबूत लोकतंत्र का हिस्सा बनें। कहा कि धन, बल का प्रयोग लोकतंत्र के लिए घातक है। इसलिए ईमानदारी से मताधिकार का प्रयोग करें। एसपी ने कहा कि मतदान पूरी तरह स्वतंत्र और निर्भीक होकर करें।
संविधान में प्रतिनिधि चुनने का अधिकार जनता को है। इसके लिए जरूरी है सबसे पहले अपना नाम जुड़वाएं और बिना प्रलोभन के मतदान करें। अंत में बीएलओ कामिनी ओझा, हरिकेश गौतम, रामदरस राम, सरिता तिवारी, मीना देवी, मनोज कुमार, मारुति नंदन, पूनम वर्मा, कृष्णा चौरसिया के साथ ही नए मतदाताओं को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर एडीएम केपी सिंह, उपजिलाधिकारी बच्चालाल मौर्य समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। उधर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विवेकानंद समेत अन्य रंगकर्मियाें ने मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए कई नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान पोस्टर प्रतियोगिता के प्राइमरी वर्ग में हाली क्रास की नाहिद परवीन प्रथम, आस्था द्वितीय और अनस खां तृतीय स्थान पर रही।