अमर नाथ मिश्र पीजी कालेज दूबेछपरा के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर पांडेय के नेतृत्व में छात्रों ने गुरुवार की सुबह यात्री किराए में कमी के लिए राष्ट्रीय राज्यमार्ग-31 पर चक्काजाम कर दिया।
यातायात ठप होने से करीब दो घंटे तक दूबेछपरा ढाले के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम बैरिया सुशील प्रताप सिंह एवं एसओ बैरिया संजय यादव ने तीन दिन में समस्या का सामाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र मान गए और जाम खोल दिया।
इस दौरान छात्रनेता शिखर पांडेय ने कहा कि लगातार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में हो रही गिरावट के बावजूद क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहन चालकों एवं मालिकाें के द्वारा पहले ही तरह ही किराया वसूला जा रहा है। इससे वाहन स्वामियों और यात्रियों के बीच आए दिन किचकिच होती रहती है।
किराया कम करने के बाबत छह फरवरी को एसडीएम को लिखित पत्र सौंपा था। फिर किराया वृद्धि को लेकर कोई कार्रवाई न होने के पर जाम का निर्णय लिया गया। गुरुवार को सुबह नौ बजे ही छात्रों का हुजूम दूबेछपरा ढाले पर पहुंच राष्ट्रीय राज्य मार्ग जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
यातायात पूरी तरह बंद हो गया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम बैरिया, जिला पंचायत सदस्य मनोज कुशवाहा, सर्वजीत पासवान, एसओ बैरिया संजय सिंह छात्रों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपने मांग पर अड़े रहे।
छात्रों का कहना था कि प्रशासन यात्री किराया कम करने का ठोस निर्णय ले, जिस पर एसडीएम बैरिया ने तीन दिन का समय लेते हुए जाम को समाप्त कराया। छात्रों ने चेताया कि तीन दिन के अंदर किराया कम न हुआ तो फिर से चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान राकेश मौर्य, रजनीश केशरी, अनिल केशरी, राहुल सिंह, चंदन तिवारी, विजेंद्र आदि रहे।