हल्दी (बलिया)। सेना भर्ती के लिए दौड़ लगाकर घर लौट रहे तीन युवक रितेश, रवि और छोटू बुधवार की सुबह बिजली गिरने से झुलस गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रितेश को वाराणसी रेफर कर दिया।
हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर (कठही) गांव निवासी रितेश कुमार पासवान (19), रवि पासवान (18), छोटू पासवान (19) और आशीष पासवान (18) बुधवार की सुबह सेना भर्ती के लिए दौड़ लगाने गए थे।
चारों युवक घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के दक्षिण स्थित डीह बाबा स्थान के पास तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बिजली गिरने से रितेश, रवि और छोटू झुलस गए। जबकि आशीष बाल-बाल बच गया। आशीष के अनुसार, उसने तुरंत गांव पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तीनों को सीएचसी सोनवानी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने रितेश को वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के बाद रवि और छोटू की हालत सामान्य होने पर घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष राजू राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। झुलसे रितेश को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। जबकि दो अन्य को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।